Tuesday, 10 December 2024

Patrol से पतरौल यानी फसकाट


वनविभाग में एक बहुत छोटा पद होता है वनरक्षक। भ्रामक नाम है क्योंकि जब वनों की नियति लाभार्थियों के लिए कटना-उजड़ना बन गई हो तो बेचारा वनरक्षक कैसे रक्षा कर लेगा। अंग्रेजों के समय में उत्तराखंड में वन संपत्ति बहुत हुआ करती थी जिसका दोहन अंग्रेजों ने किया। "स्थानीय लोगों से वनों की रक्षा" के लिए वनरक्षक नियुक्त किए जाते। 
[फोटो सौजन्य: विकी कॉमन्स]
वनरक्षक के दो नाम हुआ करते थे-  फॉरेस्ट गार्ड और फॉरेस्ट पेट्रॉल। पहाड़ में पेट्रॉल को "पतरौल" कहा जाने लगा। अंग्रेज सा'ब पुराने पेड़ कटवाकर कोयला बनवाते और पतरौल ग्रामीणों की  दराँती-कुल्हाड़ी छीनकर उन्हें दैनिक आवश्यकताओं के लिए घास-पात भी नहीं काटने देता था। 
पतरौल के लिए दूसरा प्रचलित नाम था "फसकाट" या "फौसकाट"। फॉरेस्ट गार्ड के फसकाट बनने की कहानी बड़ी रोचक है। गार्ड साब को निर्जन घने जंगलों में घूम-घूमकर रखवाली करनी होती। कभी-कभी तो कई दिनों तक किसी आदमजात से बात तक न हो पाती। इस मानसिक दबाव के चलते कभी कोई भूला-भटका राहगीर मिल जाए तो थोड़ी देर फसक (गप्प ) हो जाती। इससे गार्ड को भी चैन मिलता। समझदार ग्रामीण उसे अपनी फसक-बातों में उलझाकर अपने काम भर की घास, लकड़ियाँ काटकर ले आते। महिलाएँ अपनी मीठी बातों में उलझाने का काम अधिक निपुणता से कर लेतीं। तो फॉरेस्ट गार्ड के लिए कहीं-कहीं नया शब्द अस्तित्व में आया "फसकाट" (फसक+काट), अर्थात जो फसक मारने गपशप करने) के बाद वन के उत्पादों को काटने दे। फसक के लिए कहीं-कहीं फौस मारना भी है। जिसे बातों में उलझाकर वन से घास, लकड़ी आदि पाई जा सके वह कहलाया-  फसकाट या फौसकाट।

Wednesday, 4 December 2024

कुछ शब्द कलमकारी के


(बैठे ठाले शब्दार्थ संयोग की ओर ध्यान गया। माध्यम , प्रमाध्यम से जुड़े लोग कृपया अन्यथा न लें। सच्चे पत्रकारों के प्रति मेरे मन में सदा सम्मान रहा है। यहाँ पर चर्चित कुछ शब्दों के प्रकल्पित लाक्षणिक अर्थ, कितने सार्थक हैं, बताइएगा।) 
♦️
समाचार - (सम्यक् आचरण) -> नए संवाद, घटनाक्रम की सच्ची जानकारी को सम्यक रूप से प्रस्तुत करना।
न्यूज़ -> north-east-south-west से खोज-बीन कर नई जानकारी प्रदान करना।
प्रेस (दबाना ) -> किसी वस्तु, विषय अथवा घटना को सायास दबाने वाला तंत्र, उपकरण।
मीडिया - (माध्यम, मध्यस्थ) बिचौलिये; पाठक, ग्राहक , सौदे आदि को पटाने में मध्यस्थता करने वाले।

एंकर है तो टेढ़ा ही होगा।
एंकर शब्द संस्कृत के अंक/अंग से है जिसका अर्थ है टेढ़ा, मुड़ा हुआ, कोण। मछली फाँसने का उपकरण ऐंगल है। नावों, जहाज़ों को टिकाए रखने के लिए भी एंगल को काम में लाया जाता है।अंगुली, अँगूठा में भी अंग है। नावों, पोतों को रोकने थामने के लिए जिस एंकर का प्रयोग होता है वह भी कोणीय होता है। रेडियो टेलीविजन के एंकर भी यही काम करते हैं।
काँटे जैसे टेढ़ेपन से लोगों को फँसाने, बाँधने, टिकाए रखने का काम सबके बस का नहीं है, अपने टेढ़ेपन से एंकर ही यह कर सकते हैं। रेडियो/टीवी के प्रस्तोता सब एंकर हैं- काँटेदार।
इंग्लैंड का नाम भी इसीलिए इंग्लैंड पड़ा है! देखा कि भूखंड मछली के काँटे की तरह टेढ़ा है तो नाम हो गया एंग्लैंड > इंग्लैंड।
♦️
कोई भला-बुरा संवाद जब तक 'समाचार' था तो 'सम्यक् आचरण' का नियम पालन करता था और सच बताता था। फिर 'प्रेस' कहलाया तो उसमें सच को 'दबाने' का गुण आ गया। अब 'मीडिया' है, जिसका मूल अर्थ है विज्ञापन के 'बिचौलिये'।
हिंदी का पत्रकार शब्द मौलिक है और लाजवाब भी। समस्या यह है कि अब मंडी पत्रकारों को लोग पत्तलकार कहने लगे।
(न्यूज़, प्रेस और माध्यम की परिभाषा Etymonlie के आधार पर। फ़ोटो सौजन्य: Wikicommons)
*******